#सीतापुर:मिशन शक्ति: थानों में खुला संवाद, महिलाओं को मिला सुरक्षा और साइबर सुरक्षा का मंत्र.

सीतापुर (उत्तर प्रदेश): जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन को पुख्ता करने के लिए पुलिस ने 'संवाद, सुरक्षा एवं विश्वास दिवस' का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थानों में महिला सुरक्षा टीमों ने आधी आबादी से सीधा संवाद स्थापित कर सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिलाया।

अभियान के तहत प्रत्येक मिशन शक्ति केंद्र पर 'ओपन संवाद' हुआ, जहां महिलाओं को बेझिझक समस्याएं साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, चयनित शिक्षण और सार्वजनिक संस्थानों में 'साइबर सुरक्षा क्लिनिक' लगाए गए। इसमें साइबर विशेषज्ञों ने बालिकाओं व महिलाओं को ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया सुरक्षा और साइबर स्टॉकिंग से बचाव के व्यावहारिक टिप्स दिए।

इस दौरान मिली शिकायतों का तत्काल वर्गीकरण कर गंभीर मामलों में कानूनी कार्रवाई और पारिवारिक विवादों में काउंसलिंग कराई गई। पुलिस का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को 24 घंटे सुलभ, सहज और त्वरित सुरक्षा उपलब्ध कराना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ